अयोध्या के मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के दो युवाओं ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस) परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इनमें एक का चयन नायब तहसीलदार और दूसरे का डिप्टी जेलर पद पर हुआ है। दोनों की सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं। कुमारगंज क्षेत्र के सरूरपुर खरैला गांव निवासी प्रणव पाण्डेय ने नायब तहसीलदार पद प्राप्त किया है। उनके पिता विश्वमित्र पाण्डेय मथुरा स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। प्रणव पांच भाई-बहनों में से एक हैं। उनके बड़े भाई अनुराग पाण्डेय हमीरपुर पॉलिटेक्निक में प्रवक्ता हैं, जबकि बड़ी बहन पूजा सरकारी शिक्षिका हैं। दूसरी बहन प्रज्ञा कुमारगंज स्थित कृषि विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं और छोटे भाई योगेश पाण्डेय आगरा में एमबीबीएस सर्जन के रूप में कार्यरत हैं। प्रणव पाण्डेय की सफलता की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीण लगातार उनके घर पहुंचकर शुभकामनाएं दे रहे हैं। प्रणव की माता ने खुशी जताते हुए कहा कि उनके सभी बच्चों ने मेहनत के बल पर सफलता हासिल की है। वहीं, उनके परिजन राम भूषण पाण्डेय ने बताया कि यह सफलता लंबे इंतजार के बाद मिली है, जिसे प्रणव ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से संभव किया।उनकी बहन प्रज्ञा ने बताया कि प्रणव ने दूसरी बार में यह परीक्षा पास की और छात्रों को संदेश दिया कि निरंतर प्रयास से सफलता जरूर मिलती है। दूसरी ओर, अमानीगंज शिक्षा क्षेत्र की ग्राम पंचायत धरौली कटैया भदी गांव निवासी अनुपम तिवारी ने डिप्टी जेलर पद पर चयनित होकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। अनुपम इलाहाबाद में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उनके पिता श्याम नारायण तिवारी सरकारी शिक्षक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। अनुपम अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। दोनों युवाओं की सफलता से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply