अयोध्या के मां कामाख्या धाम में चल रहे महोत्सव के चौथे दिन मंगलवार को विशाल दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस पारंपरिक कुश्ती मुकाबले में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और राजस्थान समेत कई राज्यों के नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह हेलीकॉप्टर से कामाख्या धाम पहुंचे, जहां आयोजकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे और पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा। मिट्टी के पारंपरिक अखाड़े में आयोजित इस दंगल को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह रहा। दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मुकाबले देखने पहुंचे और अखाड़े के चारों ओर भारी भीड़ जुटी रही। पहलवानों ने अपने दमखम और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। पहलवानों के दांव-पेंच ने दर्शकों को बांधे रखा और तालियों की गूंज से पूरा परिसर गूंज उठा। इस मौके पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर मां कामाख्या धाम के दर्शन का उन्हें सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देते हैं और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन के लिए स्थानीय विधायक और समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण खेल संस्कृति को नई पहचान मिलती है और युवा पीढ़ी खेलों के प्रति प्रेरित होती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply