अमेठी में चोरों ने एक 100 किलोवाट के बिजली ट्रांसफार्मर से दो लाख रुपये से अधिक का तांबे का तार चोरी कर लिया। यह घटना जामो थाना क्षेत्र के कंडी गौरा गांव में देर रात हुई। बिजली विभाग ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। यह वारदात देर रात करीब पौने दो बजे हुई, जब अज्ञात चोरों ने चलती लाइन से ट्रांसफार्मर को निकाल दिया। इसके बाद उन्होंने ट्रांसफार्मर को तोड़कर उसमें से कीमती तांबे के तार चुरा लिए और फरार हो गए। सुबह ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर को कई टुकड़ों में जमीन पर पड़ा देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। इस ट्रांसफार्मर से गांव के ट्यूबवेलों (लगभग 10-12 कनेक्शन) और कुछ घरों में बिजली की आपूर्ति होती थी, जो अब बाधित हो गई है। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर बिजली विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एक्सईएन विद्युत अभिषेक सचान ने बताया कि देर रात करीब पौने दो बजे बिजली ट्रिप हुई थी, जिसके बाद लाइन दोबारा चालू की गई। उन्होंने बताया कि 100 किलोवाट ट्रांसफार्मर की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये है और चोरी हुए तार की कीमत करीब दो लाख रुपये है। अभिषेक सचान ने यह भी बताया कि जिले में इस तरह की घटना पहली बार हुई है। गांव के निवासी जंग बहादुर यादव ने पुष्टि की कि ट्रांसफार्मर से कई ट्यूबवेल और घरों को बिजली मिलती थी, और चोरों ने चलती लाइन से ट्रांसफार्मर को हटाकर तार चुराए।

Leave a Reply