DniNews.Live

अमेठी में चलती लाइन से ट्रांसफार्मर के तार चोरी:चोरों ने वारदात को दिया अंजाम, कई टुकड़ों में मिला ट्रांसफार्मर

अमेठी में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने देर रात सड़क किनारे लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से तांबे के कीमती तार चुरा लिए। यह वारदात उस समय हुई जब बिजली की आपूर्ति चालू थी। सुबह जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस और बिजली विभाग को सूचित किया, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना जामो थाना क्षेत्र के राजा गौरा गांव की है। गांव के बाहर लगा यह ट्रांसफार्मर ट्यूबवेल और कुछ घरों को बिजली की आपूर्ति करता था। चोरों ने चलती लाइन से ही ट्रांसफार्मर को निकाल लिया और उसके टुकड़े-टुकड़े कर उसमें लगे तांबे के तारों पर हाथ साफ कर दिया। आज सुबह ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर को कई टुकड़ों में जमीन पर पड़ा देखा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। उन्होंने तत्काल पुलिस और बिजली विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। गांव के निवासी जंग बहादुर यादव ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर से 10 से 12 ट्यूबवेल और कुछ घरों में बिजली की आपूर्ति होती थी। चोर चलती बिजली लाइन में ट्रांसफार्मर को निकालकर उसके टुकड़े कर कीमती तांबे के तार चुराकर फरार हो गए हैं, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *