अमेठी पुलिस ने एटीएम लूट के प्रयास का खुलासा करते हुए तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने मंगलवार रात गौरीगंज थाना क्षेत्र के ऐंधी गांव में बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया था। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लोहे का पाइप, हथौड़ी, तीन स्टोल, एटीएम मशीन का की-बोर्ड और दो सीसीटीवी कैमरे बरामद किए हैं। यह घटना मंगलवार की रात ऐंधी गांव स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में हुई, जहां अज्ञात बदमाशों ने एटीएम मशीन और कैमरों को तोड़कर चोरी का प्रयास किया। घटना के बाद बैंक मैनेजर जितेंद्र कुमार ने गौरीगंज थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। देर रात गौरीगंज पुलिस और स्वाट टीम अमेठी की संयुक्त टीम ने बाबूगंज बाजार में “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो वे गाड़ी मोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने बल प्रयोग कर तीनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रायबरेली निवासी सोनू गुप्ता, कपिल गुप्ता और गौरीगंज के ऐंधी गांव निवासी करण पासवान के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने 25 मार्च की रात स्टोल ओढ़कर अपनी पहचान छिपाते हुए ऐंधी के बैंक ऑफ बड़ौदा एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया था। वे मशीन से पैसे नहीं निकाल पाए क्योंकि पुलिस वाहन आ गया था। पैसे न निकाल पाने के कारण उन्होंने एटीएम के पास लगे कैमरों और एटीएम मशीन के की-बोर्ड को तोड़कर चुरा लिया था। अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोहे का पाइप और एक हथौड़ी गुवांवा मोड़ के सामने रेलवे लाइन के पास झाड़ियों से बरामद की गई। एसपी सरवणन टी ने इस खुलासे में शामिल टीम को 15 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस द्वारा इस मामले में आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply