अमेठी में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाहों के बीच प्रशासन ने अवैध भंडारण पर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 235 लीटर पेट्रोल और 50 लीटर डीजल जब्त किया गया है। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला मोहनगंज थाना क्षेत्र के विराज बाजार का है। देर शाम बाजार में बिना लाइसेंस पेट्रोल और डीजल की बिक्री पकड़ी गई। पुलिस टीम ने छापा मारकर विराज गांव निवासी अकबर हुसैन को गिरफ्तार किया। मौके पर ड्रमों में भरा पेट्रोल और डीजल मिला। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ईंधन बिक्री के लिए रखा था। इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने जानकारी दी कि भंडारण और बिक्री से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन आरोपी कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। कार्रवाई के दौरान 235 लीटर पेट्रोल और 50 लीटर डीजल के साथ एक कूपी, तेल मापने वाले लीटर और एक तेल निकालने वाली मशीन भी जब्त की गई। बरामद सामग्री को सुरक्षित रखकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने खाद्य एवं रसद विभाग को भी सूचना भेजी है, ताकि विभाग आवश्यक कार्रवाई कर सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अवैध भंडारण व बिक्री से जुड़े प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply