अमेठी पुलिस ने चोरी की योजना बनाते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां मोहनगंज थाना क्षेत्र में की गईं। पुलिस ने इनके पास से तमंचा, जिंदा कारतूस और चोरी करने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत पुलिस को यह सफलता मिली। मुखबिर की सूचना पर मोहनगंज पुलिस ने दो सगे भाइयों भारत पुत्र जग प्रसाद और उमेश पुत्र जग प्रसाद, दोनों निवासी मेधौना को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार चोरों के पास से एक तमंचा, 315 बोर के दो जिंदा कारतूस, एक रस्सा और लोहे की सब्बल बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने दो अन्य साथियों, लल्लन पुत्र नन्हें (निवासी पूरे दान वैश्य मजरे मेढ़ौना, मोहनगंज) और शिवा कुमार पुत्र राम चन्दर (निवासी पूरे निरहीं मजरे लखना बसन्तपुर, जामों) के साथ मिलकर शंकरगंज कस्बे की दुकानों में चोरी करने की योजना बना रहे थे। मोहनगंज पुलिस बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है।

Leave a Reply