अमृतपुर में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बनाई जा रही एक नई सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे हैं। राजपुर से गुडेरा होते हुए पिथनापुर कोला सोता संपर्क मार्ग पर बन रही यह सड़क हाथ से उखड़ती हुई दिखाई दे रही है, जिसके वीडियो भी सामने आए हैं। लगभग साढ़े चार किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण पिछले एक सप्ताह से जारी है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। सामने आए वीडियो में डामर में गिट्टियां साफ दिख रही हैं, और सड़क की सही लेबलिंग न होने के कारण उस पर चलने पर अधिक उछाल महसूस होने की शिकायत भी की गई है। पिथनापुर निवासी अतुल दुबे ने बताया कि यह सड़क बेहद घटिया बन रही है और सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें पर्याप्त सामग्री नहीं डाली गई है, बल्कि केवल गिट्टियां मिलाकर दो इंच की परत बिछाई गई है। एक अन्य ग्रामीण शिवमंगल सिंह ने भी सड़क के सही ढंग से न बनने और समतलीकरण न होने की शिकायत की है। इस मामले से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं, जो गुरुवार के बताए जा रहे हैं। इस प्रकरण में खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता (XEN) अशोक कुमार ने जानकारी दी कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने संबंधित जूनियर इंजीनियर (JE) अंकित कुमार और असिस्टेंट इंजीनियर (AE) राकेश यादव को मौके पर जांच के लिए भेजा है। अधिशासी अभियंता ने यह भी स्पष्ट किया कि इस सड़क में कुटाई की परत नहीं है और केवल 2 सेंटीमीटर की पीसी (प्रीमिक्स कारपेट) करनी होती है। उन्होंने कहा कि चूंकि सड़क ताजी बनी है, इसलिए यह हाथ से हट गई है।

Leave a Reply