‘पिता की 2 साल पहले मौत हो चुकी है। घर में मां और एक बहन है। बहन की पढ़ाई और शादी की जिम्मेदारी मुझ पर है। अपनी कॉलेज फीस भी जमा नहीं कर पा रहा था। मुझे अपना फ्यूचर अंधकार में जाता दिखाई दे रहा था। इस दौरान मुझे शिवम अग्रवाल मिला। उसने किडनी डोनेट करने के लिए मोटिवेट किया। शिवम कहता था कि फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन 43 साल से एक किडनी की बदौलत जिंदा हैं। 83 साल की उम्र में भी वह फिल्मों में काम कर रहे हैं। प्रेमानंद महाराज की भी दोनों किडनियां खराब हैं, उन्हें भी कुछ नहीं हुआ…। मुझे एंबुलेंस चलाने वाले शिवम की बातें सही लगने लगीं। वह कहता था कि परिवार का इकलौता सहारा हो, एक किडनी के एवज में परिवार को गरीबी के मुंह से बाहर निकाल सकते हो। परिवार को अच्छी जिंदगी देने के लिए मैंने किडनी बेचने का मन बना लिया।’ यह कहना है बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले MBA 4th Year स्टूडेंट आयुष का। किडनी डोनेट करने वाला आयुष कानपुर के हैलेट में भर्ती है। हैलेट जाने से पहले मेड इन लाइफ अस्पताल में भर्ती था। जहां उसने IPS सुमेध जाधव से रोते हुए यह दर्द बयां किया है। कानपुर किडनी कांड में शिवम समेत 6 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, 8वीं पास शिवम ही गैंग का सरगना है। अब पढ़िए किडनी देने वाले आयुष ने जो कुछ बताया किडनी बेचोगे तो मुंहमांगा दाम मिलेगा
आयुष बताता है- शिवम अग्रवाल का एक साथी है, जिसने कहा था कि किडनी बेचोगे तो मुंहमांगे दाम मिलेंगे। उसने टेलीग्राम पर एक ग्रुप में लिखी चैट भी दिखाई। उसमें लिखा था कि B+ ब्लड ग्रुप की महिला को किडनी चाहिए। उसी युवक ने मेरी मुलाकात शिवम से कराई थी। किडनी बेच दो, सारे दुख-दर्द दूर हो जाएंगे
शिवम ने मेरा ब्रेनवॉश किया। मेरे परिवार के बारे में मुझसे सारी जानकारी ली। फिर कहने लगा कि एक किडनी बेच दो, सारे दुख-दर्द दूर हो जाएंगे। मैंने कहा कि सोचकर बताऊंगा। फिर शिवम मुझे लगातार मैसेज भेजने लगा और फोन कॉल करने लगा। कुछ दिनों बाद मेरी शिवम से दोबारा मुलाकात हुई। मैंने किडनी डोनेट करने से मना कर दिया। उसने पूछा दिक्कत क्या है, डर रहे हो क्या? परेशान क्यों हो? फिल्म ‘कुली’ के दौरान अमिताभ बच्चन को भी चोट लगी थी। उनकी एक किडनी में इंफेक्शन हो गया था, लेकिन वह आज भी पूरी तरह फिट हैं। फिल्मों में खूब काम कर रहे हैं। प्रेमानंद महाराज की भी तो दोनों किडनियां खराब हैं। तुम अभी पूरी तरह से जवान हो, एक किडनी देने से कुछ नहीं होगा। परिवार से पेपर देने जाने का किया बहाना
आयुष का कहना है कि शिवम के समझाने पर मैंने किडनी डोनेट करने का मन बना लिया। मैंने 3 दिन बाद शिवम को फोन किया, तो उसने आहूजा हॉस्पिटल बुलाया। हॉस्पिटल में पहुंचने पर कहा गया कि 5 लाख मिलेंगे। मेरे मना करने पर रकम और बढ़ाई गई। फिर 9.50 लाख रुपए देने की बात कही। इसके बाद 29 मार्च की रात मेरा ऑपरेशन किया गया। मैं परिवार से झूठ बोलकर कानपुर आया था। मां से कहा था कि पेपर देने जा रहा हूं, 3 दिन बाद आऊंगा। अब जानिए पूरा मामला कानपुर में 30 मार्च (सोमवार) की देर रात पुलिस ने अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट पकड़ा था। बिहार के रहने वाले एक 23 साल के एमबीए छात्र से उसकी किडनी 6 लाख रुपए में खरीदी गई। बाद में 30 साल की महिला मरीज को करीब 80 लाख रुपए में बेच दी गई। किडनी देने वाले छात्र ने पुलिस से शिकायत की, तो पुलिस ने सोमवार रात में ही मेड लाइफ हॉस्पिटल, आहूजा हॉस्पिटल और प्रिया हॉस्पिटल में एक साथ छापेमारी की। मेड लाइफ हॉस्पिटल में किडनी डोनर एमबीए छात्र आयुष भर्ती मिला। जब ट्रांसप्लांट से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, तो अस्पताल कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका। पुलिस ने 31 मार्च (मंगलवार) को आहूजा हॉस्पिटल की मालकिन डॉ. प्रीति आहूजा, उनके पति डॉ. सुरजीत, डॉ राजेश कुमार, डॉ. राम प्रकाश, डॉ. नरेंद्र सिंह और दलाल शिवम अग्रवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अब जानिए 6 आरोपियों का आपस में कनेक्शन क्या है? जानिए सिंडिकेट कैसे करता था काम? डायलिसिस वालों की जानकारी जुटाते, टेलीग्राम पर शेयर करते
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया- पूरा सिंडिकेट व्यवस्थित तरीके से काम कर रहा था। गैंग में शामिल डॉ. अफजल अस्पतालों में संपर्क रखता था। लंबे समय से डायलिसिस कराने वालों की जानकारी हासिल करता था। फिर मरीजों को किडनी ट्रांसप्लांट कराने के लिए संपर्क करता था। इसके बाद टेलीग्राम पर बने ग्रुप में मरीज की जानकारी शेयर की जाती थी। ग्रुप में कई डॉक्टरों के साथ एजेंट भी जुड़े थे। मुजफ्फरनगर निवासी स्कूल संचालक की पत्नी पारुल तोमर से डॉ. अफजल ने ही संपर्क किया था। पारुल की 8 साल से चल रही थी डायलिसिस
पारुल की बीते 8 साल से डायलिसिस चल रही थी। डॉ. अफजल के संपर्क में आने के बाद वह ट्रांसप्लांट के लिए राजी हो गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि 80 लाख में पारुल से डील हुई थी। इसके बाद पारुल की डिटेल टेलीग्राम ग्रुप पर भेज दी गई थी। लिखा था- 30 साल की महिला को किडनी की जरूरत है। उनका ब्लड ग्रुप B+ है। किडनी डोनेट करने वाले को मुंहमांगा दाम मिलेगा। इसके बाद ही एंबुलेंस चालक शिवम अग्रवाल के संपर्क में आयुष आया था। शिवम ही डोनर ढूंढ कर लाता था
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि डील तय होने के बाद शिवम डॉ. रोहित से संपर्क करता था। रोहित दिल्ली और लखनऊ से अपने 7-8 डॉक्टरों की टीम लेकर कानपुर आता था। इनमें एनीस्थीसिया, सर्जन, मेडिसिन की व्यवस्थाएं रहती थीं। ऑपरेशन होने के बाद डोनर और रिसीवर को अलग-अलग अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया जाता था। वहां 4 से 5 दिन तक उन्हें डॉक्टरों के ऑब्जर्वेशन में रखने के बाद डिस्चार्ज कर दिया जाता था। वहीं जब किसी मरीज को कोई दिक्कत होती थी, तो उसे लखनऊ, दिल्ली स्थित हायर सेंटरों में ट्रांसफर कर दिया जाता था। फिल्मी अंदाज में तैयार होता था पूरा सेटअप
पुलिस पूछताछ में शिवम अग्रवाल ने बताया कि आहूजा हॉस्पिटल में अब तक 7 से 8 ऑपरेशन किए गए हैं। इसके साथ ही कानपुर, लखनऊ के करीब 7 अस्पतालों में भी किडनी ट्रांसप्लांट का खेल किया गया है। शिवम ने बताया कि कोई भी ऑपरेशन दिन में नहीं किया जाता था। डोनर और रिसीवर से डील तय होने के बाद उन्हें 3 दिन पहले अस्पताल में भर्ती करा लिया जाता था। बंद कर दिए जाते थे सीसीटीवी
डॉ. रोहित ऑपरेशन का दिन और समय तय करते थे। सभी ऑपरेशन रात के समय ही किए जाते थे। परिवारवाले आनाकानी करते, तो उन्हें डॉक्टर के पास समय न होने का हवाला दिया जाता था। डॉ. रोहित अपने साथ डॉ. वैभव, डॉ. अनुराग, डॉ. अफजल समेत 4-5 अन्य स्टाफ के साथ 2-3 गाड़ियों से आते थे। उनके अस्पताल आने से पहले हॉस्पिटल के सारे सीसीटीवी को बंद कर दिया जाता था। ऑपरेशन के दिन हॉस्पिटल के स्टॉफ की छुट्टी कर दी जाती थी। इस दौरान डॉ. रोहित की टीम के अलावा और कोई भी हॉस्पिटल में नहीं रहता था। ऑपरेशन थिएटर में इस्तेमाल होने वाली दवाएं, मरीज और डोनर की दवाओं की व्यवस्था उनकी ही टीम करती थी। ऑपरेशन के बाद तड़के डोनर और रिसीवर को अलग-अलग अस्पताल रेफर कर दिया जाता था, जिसकी कोई लिखा-पढ़ी नहीं की जाती थी। डोनर और रिसीवर को शिवम ही अपनी एंबुलेंस के जरिए अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाता था। कानपुर-लखनऊ के 7 अस्पताल पुलिस की रडार पर
31 मार्च की देर शाम मेड लाइफ हॉस्पिटल को सीज किया गया है, आहूजा हॉस्पिटल को नोटिस दिया गया है। नोटिस के बाद उसे भी सीज किया गया जाएगा। प्रिया हॉस्पिटल में भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया कि अब तक कानपुर में 50 से अधिक लोगों का किडनी ट्रांसप्लांट कराया गया है। डॉ. रोहित कानपुर में अन्य जगहों पर भी ऑपरेशन करता रहा है. वह दिल्ली के डॉक्टरों के संपर्क में है। किडनी ट्रांसप्लांट मामले में 7 अस्पताल और रडार में आए हैं। इनमें एक लखनऊ और अन्य 6 कानपुर में हैं। ————————- ये खबर भी पढ़ें… 6 लाख में किडनी खरीदी, 80 लाख में बेची, कानपुर में MBA स्टूडेंट को फंसाया; डॉक्टर पति-पत्नी समेत 6 गिरफ्तार कानपुर में सोमवार देर रात पुलिस ने अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट पकड़ा है। बिहार के रहने वाले एक 23 साल के एमबीए छात्र से उसकी किडनी 6 लाख रुपए में खरीदी गई। बाद में 30 साल की महिला मरीज को करीब 80 लाख रुपए में बेच दी गई। किडनी देने वाले छात्र ने पुलिस से शिकायत की तो पुलिस ने सोमवार रात में ही शहर के मेड लाइफ हॉस्पिटल, आहूजा हॉस्पिटल और प्रिया हॉस्पिटल में एक साथ छापेमारी की। पढ़ें पूरी खबर

Leave a Reply