अमरोहा शहर के मोहल्ला दानिश मंदाना निवासी 50 वर्षीय शानदार कुरैशी, जो एक मीट व्यापारी थे और उम्रकैद की सजा काट रहे थे। शनिवार देर शाम उनका निधन हो गया। शानदार कुरैशी को 2018 में अपने पड़ोसी दुकानदार बिलाल की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में 2022 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। वह बरेली की सेंट्रल जेल में सजा काट रहे थे। उनके चचेरे भाई सरताज भी इसी मामले में जेल में बंद हैं। शानदार कुरैशी कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें 19 मार्च को लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। रिश्तेदार मोहम्मद असलम ने बताया कि चिकित्सक ने उन्हें सर्जिकल विभाग के डॉक्टर को दिखाने की सलाह दी थी, जिसके लिए 30 मार्च की तारीख मिली थी। चिकित्सकों ने उन्हें तब तक अस्पताल से ले जाने को कहा था। शनिवार शाम बरेली जेल के सिपाही शानदार को ट्रेन से बरेली ले जा रहे थे। हरदोई रेलवे स्टेशन के पास उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें हरदोई रेलवे स्टेशन पर उतारा गया और एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शानदार कुरैशी के परिवार में उनकी पत्नी रुबीना, पांच पुत्र और एक पुत्री हैं। रविवार को नायब तहसीलदार अनुपम तिवारी की मौजूदगी में पंचनामा भरा गया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply