अमरोहा जिले में लंबे समय से तेंदुए की दहशत के बीच वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। नौगावां सादात के नयागांव में दो शावक मिलने के बाद अब एक मादा तेंदुआ भी पिंजरे में कैद हो गई है। हालांकि, तेंदुआ पकड़े जाने के बाद भी ग्रामीणों में दहशत बरकरार है और उनका मानना है कि इलाके में अभी और तेंदुए मौजूद हैं। यह घटनाक्रम रविवार शाम को शुरू हुआ, जब नौगावां सादात इलाके के नयागांव में किसानों को खेत में तेंदुए के दो शावक मिले। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया। टीम ने दोनों शावकों को भी पिंजरे के पास ही छोड़ दिया था। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने पिंजरे में एक तेंदुआ देखा, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे अपने कब्जे में ले लिया। आपको बता दें कि अमरोहा जिले में पिछले कुछ समय से लगातार तेंदुए की दहशत बनी हुई थी। एक सप्ताह पहले मंडी धनौरा इलाके के झंडूपुरा गांव में गुरुद्वारे के पास किसान गुरदीप सिंह मान के पालतू कुत्ते को तेंदुए ने अपना निवाला बना लिया था। इसके तीन दिन पहले इसी गांव के पास एक तेंदुआ ईख के खेत के पास बैठा दिखाई दिया था, जिसका वीडियो भी किसान ने बनाया था। वन विभाग के दरोगा केपी सिंह ने बताया कि पकड़े गए तेंदुए और शावकों का सीनियर पशु चिकित्सक द्वारा मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आशंका जताई कि पकड़ी गई मादा तेंदुआ इन्हीं शावकों की मां हो सकती है।

Leave a Reply