DniNews.Live

अमरोहा के हत्याकांड का खुलासा, पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार:नींद की गोलियां खिलाकर गला रेता, पुलिस ने किया खुलासा

अमरोहा के हसनपुर थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस ने प्रेम-प्रसंग के चलते पति की हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है। हत्या में प्रयुक्त दो चाकू और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। यह घटना 29 मार्च 2026 को ग्राम पिपलौती कला में सामने आई थी। यहां 30 वर्षीय मेराज पुत्र मोमिन का शव उसके घर में चारपाई पर लहूलुहान हालत में मिला था। मेराज के गले, पेट, हाथ और पैरों पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। चौंकाने वाली बात यह थी कि जिस कमरे में मेराज की हत्या हुई थी, उसी के पास दूसरी चारपाई पर उसकी पत्नी रूही और दो बच्चे सो रहे थे। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मृतक की पत्नी रूही पर संदेह गहराया। कड़ाई से पूछताछ करने पर रूही ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि पिछले पांच वर्षों से उसका अपनी सगी बहन के देवर फरमान के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। रूही फरमान के साथ रहना चाहती थी, लेकिन उसका पति मेराज इस रिश्ते में बाधा बन रहा था। योजना के अनुसार, हत्या वाली रात रूही ने मेराज को खाने में नींद की गोलियां खिला दीं। जब वह गहरी नींद में सो गया, तो रूही ने अपने प्रेमी फरमान और उसके दोस्त अदनान को घर बुलाया। तीनों ने मिलकर पहले मेराज को रस्सी से चारपाई पर बांधा। इसके बाद चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। नशीली गोलियों के प्रभाव के कारण मेराज विरोध नहीं कर पाया। पुलिस ने आरोपी पत्नी रूही, प्रेमी फरमान (निवासी ग्राम पिपलौती कलां) और उसके दोस्त अदनान (निवासी ग्राम बुरावली, थाना रहरा) को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। हसनपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस हत्याकांड का सफल अनावरण किया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *