अब डेबिट कार्ड से मिलेगा बस टिकट:जौनपुर डिपो की बसों में जल्द शुरू होगी सुविधा, परिचालकों को मिलेगा प्रशिक्षण
![]()
अब डेबिट कार्ड से मिलेगा बस टिकट:जौनपुर डिपो की बसों में जल्द शुरू होगी सुविधा, परिचालकों को मिलेगा प्रशिक्षण
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में यात्री अब जल्द ही डेबिट कार्ड से टिकट खरीद सकेंगे। जौनपुर डिपो में इस नई सुविधा को लागू करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिसके तहत परिचालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। जौनपुर डिपो के बेड़े में कुल 108 बसें हैं। वर्तमान में, परिचालक ई-पास मशीन से टिकट जारी करते हैं। अब इन मशीनों में एटीएम/डेबिट कार्ड स्वाइप करने की सुविधा जोड़ी जाएगी, जिससे यात्रियों को टिकट खरीदने में आसानी होगी। यह सुविधा मुख्य रूप से 100 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए होगी। इससे ई-ट्रांजेक्शन को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों का सफर भी सुगम बनेगा। प्रारंभिक चरण में, यह व्यवस्था जौनपुर के रोडवेज बस स्टैंड से चलने वाली जनरथ और अन्य नॉन-स्टॉप बसों में लागू की जाएगी। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) ममता दुबे ने बताया कि एटीएम/डेबिट कार्ड से टिकट देने की व्यवस्था पर कार्य प्रगति पर है। सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद इसे जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। इसी क्रम में, रोडवेज बसों को ग्रामीण क्षेत्रों से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ग्रामीण सेवा योजना के तहत भागीदारी के लिए आवेदन मांगे गए थे। निजी ऑपरेटरों ने इस योजना में शामिल होने के लिए उत्साह दिखाया है। एआरएम ममता दुबे के अनुसार, केराकत, मड़ियाहूं, शाहगंज, रामपुर, सुल्थाकला, खुटहन और खेतासराय सहित 20 रूटों के लिए कुल 20 आवेदन प्राप्त हुए हैं। ग्रामीण सेवा के लिए बस चलाने हेतु आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। 28 मार्च तक प्राप्त इन आवेदनों पर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अनुबंधित बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
