DniNews.Live

अफवाह के चलते अयोध्या में पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़:जिले में 13 लाख लीटर पेट्रोल और 18 लाख लीटर डीजल का पर्याप्त भंडारण, प्रशासन ने की अफवाहों से बचने की अपील

अफवाहों के चलते रामनगरी अयोध्या में पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। हालात ऐसे हैं कि पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए लोगों को लंबी-लंबी लाइनों में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई पंपों पर वाहनों की कतारें सड़क तक पहुंच गई हैं, जिससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है। पेट्रोल-डीजल की कमी और कीमत बढ़ने की आशंका को लेकर सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों ने लोगों में डर का माहौल बना दिया है। इसी के चलते लोग घबराकर अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ ड्रम, कैन और बोतलों में भी ईंधन भरवा रहे हैं। इस पूरे मामले पर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए अफवाहों को पूरी तरह निराधार बताया है। जिला आपूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र ने बताया कि अयोध्या में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। जिले में वर्तमान में करीब 13 लाख लीटर पेट्रोल और 18 लाख लीटर डीजल का पर्याप्त भंडारण मौजूद है। उन्होंने यह भी कहा कि तेल कंपनियों की ओर से लगातार सप्लाई जारी है और आगे भी पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा। भंडारण की तुलना में खपत काफी कम है, इसलिए किसी भी तरह की कमी की आशंका नहीं है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल भरवाएं, ताकि अनावश्यक भीड़ और परेशानी से बचा जा सके।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *