मेरठ के सरधना तहसील क्षेत्र के इंचौली थाना अंतर्गत भगवानपुर गांव में सोमवार देर रात डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। यह प्रतिमा अनावरण से पूर्व पानी की टंकी के पास स्थापित की गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। मंगलवार सुबह जैसे ही ग्रामीणों को घटना का पता चला, बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण अभिजीत कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि माहौल शांत कराने के साथ-साथ आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। सरधना विधायक अतुल प्रधान की पत्नी सीमा प्रधान मौके पर पहुंची हैं। उनका कहना है कि हम बाबा भीमराव अंबेडकर के निर्देशों पर ही चल रहे हैं। यह मूर्ति खंडित कर बड़ा ही गलत किया गया है। 30 मार्च को इसका अनावरण होने वाला था। उससे पहले ही इसको खंडित कर दिया गया है। उनका कहना है कि ऐसे अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए। उन्होंने कहा- जहां भी बाबा भीमराव अंबेडकर की मूर्ति है वहां पर कैमरे लगवाए जाने चाहिए।

Leave a Reply