नालंदा में बिहार शरीफ नगर निगम की ओर से शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान आज आलमगंज इलाके में हंगामा हुआ। अतिक्रमण हटाने का विरोध करने वालों के साथ निगम कर्मियों की झड़प हुई और पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। घटना के बाद दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। उपनगर आयुक्त शम्स रजा के नेतृत्व में आज पुलपुर इलाके से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया। नगर निगम का दस्ता जैसे ही पुलपुर से आलमगंज की ओर बढ़ा, वहां भी फुटपाथों और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई। अधिकांश दुकानदारों और ठेलेवालों ने पहले से ही चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए अपना सामान स्वयं ही हटा लिया था। हालांकि, कुछ लोगों ने अंतिम समय तक अपना सामान नहीं हटाया और निगम कर्मियों से दो घंटे की मोहलत की मांग की। कर्मियों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की निगम कर्मी आलमगंज में अतिक्रमण हटाने लगे, कुछ लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। विरोध करने वालों ने निगम कर्मियों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए मौके पर तैनात पुलिस बल को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और विरोध कर रहे लोगों को वहां से खदेड़ दिया। उपनगर आयुक्त शम्स रजा ने बताया कि हमने कई दिनों से लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने को कहा था। पर्याप्त समय देने के बाद भी जिन लोगों ने सामान नहीं हटाया, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। घटना के दौरान दो लोगों को डिटेन किया गया है। अतिक्रमण हटाने के इस अभियान में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। निगम के कर्मचारी भी बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद हैं। अवैध रूप से फुटपाथ और सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी है। बिहार शरीफ नगर निगम पिछले कई दिनों से शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए व्यापक अभियान चला रहा है। इस अभियान का उद्देश्य शहर की सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण से मुक्त करना और आम जनता को सुविधा देना है। निगम प्रशासन का कहना है कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक शहर पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त नहीं हो जाता।
https://ift.tt/OI5RGyv
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply