मधुबनी के फुलपरास थाना पुलिस ने अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान अंचलाधिकारी (सीओ) और पुलिस टीम पर हमला करने की मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार की गई मुख्य आरोपी महिला की पहचान रीता देवी के रूप में हुई है। आरोप है कि रीता देवी ने अन्य महिलाओं के साथ मिलकर लाठी-डंडों से फुलपरास अंचल अधिकारी अजय चौधरी और पुलिस टीम पर हमला किया था। अभियान के तहत 15 घरों को विद्यालय परिसर से हटाना था फुलपरास थानाध्यक्ष बिक्रम आचार्य ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना 15 दिसंबर को हुई थी। उस दिन अंचलाधिकारी फुलपरास और फुलपरास थाना के सशस्त्र बल के साथ उच्च विद्यालय फुल्काहा के परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चलाया जा रहा था। इस अभियान के तहत कुल 15 घरों को विद्यालय परिसर से हटाया जाना था। पुलिस के अनुसार, 14 घरों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका था। अंतिम घर को हटाने के दौरान एक महिला अपने बच्चों के साथ जेसीबी मशीन के पहिए के नीचे लेट गई। इसके बाद सभी अतिक्रमणकारियों और उपद्रवियों ने जेसीबी मशीन को क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने अंचलाधिकारी को गाली-गलौज करते हुए ईंट, पत्थर और डंडों से हमला किया। पुलिस बल ने अंचलाधिकारी को बचाया, हालांकि इस दौरान दो सिपाही चोटिल हो गए। घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद अन्य थानों की पुलिस टीमों के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस संबंध में फुलपरास थाना में 25 नामजद अभियुक्तों और अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी कांड संख्या 508/25 दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुख्य अभियुक्त रीता देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वर्तमान में क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।
https://ift.tt/Eqw1VDx
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply