समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जौनपुर के युवा मुक्केबाज अर्पित निषाद को एशियाई आर्म बॉक्सिंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग के लिए 51,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। यह सहायता युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दी गई है। जौनपुर के बदलापुर स्थित उमरी कलां गांव निवासी अर्पित निषाद अप्रैल 2026 में बैंकॉक, थाईलैंड में आयोजित होने वाली जूनियर वर्ग (51 किग्रा, शौकिया मुक्केबाजी) की एशियाई आर्म बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025-26 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। समाजवादी पार्टी जौनपुर के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने बताया कि अखिलेश यादव द्वारा पिछड़े समाज के इस नौजवान का उत्साहवर्धन करने से पूरे जनपद का मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ेगा। समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर ओमनाथ बिंद के साथ अर्पित निषाद ने पार्टी कार्यालय में अखिलेश यादव से मुलाकात की। ओमनाथ बिंद ने कहा कि इस आर्थिक सहायता से मछुआरा समाज में उत्साह का माहौल है और समाज ने अखिलेश यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उम्मीद जताई है कि अर्पित निषाद इस चैंपियनशिप में जीत हासिल कर गोल्ड मेडल लाएंगे और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अर्पित से प्रेरणा लेकर समाज के अन्य युवा भी खेल और अन्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। इस आशय की जानकारी जिला महासचिव आरिफ हबीब ने दी। अखिलेश यादव द्वारा मछुआरा समाज के युवा को प्रोत्साहित करने पर जनपद के मछुआरा समाज और समाजवादी पार्टी में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली है।

Leave a Reply