लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को फिर से दोहराया कि सत्ता में आने पर महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपए देंगे। समाजवादी पेंशन फिर से शुरू करेंगे। फिल्म धुरंधर को लेकर मचे विवाद के बीच बिना नाम लिए कहा कि भाजपा अब पैसे देकर फिल्में बनवा रही है। उनका मकसद दूसरे दलों को बदनाम करना है। सपा के मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान समारोह के दौरान अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार ने पहले भी यश भारती के जरिए देश-विदेश के लोगों को सम्मानित किया था। सम्मान राशि भी देते थे। इस सरकार ने उस योजना को भी बंद कर दिया। समाजवादी पेंशन भी बंद कर दी। अखिलेश ने ऐलान किया कि समाजवादी पेंशन के जरिए हमारी सरकार हर महीने 500 रुपए देती थी। जब हम सरकार में आएंगे तो विशेष नाम देकर नारी समृद्धि सम्मान योजना लागू करेंगे। समाजवादी पेंशन तो रहेगी ही, साथ में 40 हजार रुपए साल के अलग से दिए जाएंगे। इससे पहले सम्मान समारोह में अखिलेश के साथ मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव भी मौजूद रहीं। समाज के लिए काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। डिंपल ने कहा कि जब अन्याय को छिपाने की कोशिश की जाती है तो बहुत दुख होता है। उत्तराखंड की अंकिता भंडारी केस ने गहरा जख्म दिया है। जब हमारी ही बेटियां सुरक्षित नहीं हैं तो देश कैसे आगे बढ़ सकता है।

Leave a Reply