अम्बेडकरनगर के अकबरपुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से आमजन में दहशत का माहौल है। हाल ही में हुई एक बड़ी चोरी के पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। अकबरपुर इलाके में हुई घटना में चोरों ने शेखपुरा कटरिया याकूबपुर में बेहद शातिराना अंदाज में दो घरों को निशाना बनाया और संदीप वर्मा और अरविंद वर्मा के घर से करीब 3 लाख रुपये के जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए। यह वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी। इस घटना के बाद पुलिस की गश्त से लेकर मुस्तैदी पर सवाल उठ रहा है। इस घटना के पांच दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस न तो किसी संदिग्ध तक पहुंच पाई है और न ही इस मामले में कोई ठोस खुलासा कर सकी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित है। क्षेत्र में गश्त में अपेक्षित सख्ती नहीं दिख रही है, जिसका फायदा उठाकर चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसके चलते आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से लोग परेशान है। रात में खुद लोग जाग रहे है। जो स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था की कमी को उजागर करता है। ये घटनाएं पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई हैं।

Leave a Reply