![]()
अंबेडकरनगर में युवक के मलाशय में फंसी प्लास्टिक बोतल:दो घंटे की सर्जरी कर डॉक्टरों ने बचाई जान, हालत खतरे से बाहर
अंबेडकरनगर जिले में एक 32 वर्षीय युवक के मलाशय में करीब 500 ग्राम की प्लास्टिक बोतल फंस गई। असहनीय दर्द के बाद उसे अकबरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने दो घंटे की सर्जरी कर उसकी जान बचाई। युवक अहमदाबाद में मजदूरी करता है। उसने परिजनों को पेट दर्द की शिकायत बताई थी और वहां डॉक्टर से दवा भी ली, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद परिजन उसे गांव ले आए। दर्द बढ़ने पर उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद एक्स-रे कराने की सलाह दी। एक्स-रे रिपोर्ट में युवक के मलाशय के अंदर प्लास्टिक की बोतल फंसी होने की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे तुरंत भर्ती कर आपातकालीन सर्जरी का निर्णय लिया। वरिष्ठ सर्जन डॉ. विपिन वर्मा के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने सावधानीपूर्वक ऑपरेशन किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बोतल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि सर्जरी के दौरान आंत या मलाशय को कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा। युवक की हालत अब स्थिर है। चिकित्सकों के अनुसार, युवक ‘एनल इरोटिसिज्म’ नामक मनो-यौन विकार से ग्रसित है। इस स्थिति में व्यक्ति असामान्य यौन उत्तेजना के कारण जोखिम भरा व्यवहार कर सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में मरीज अक्सर शर्मिंदगी के कारण इलाज में देरी करते हैं, जिससे स्थिति गंभीर हो सकती है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि ऐसे मामलों में समय पर उपचार और परामर्श (काउंसलिंग) अत्यंत आवश्यक है। इससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है और स्वास्थ्य जोखिमों को कम किया जा सकता है।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply