DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

मिलर-पैक्स विवाद सुलझा, सभी केंद्रों पर अब शुरू होगी धान खरीद

भास्कर न्यूज | खगड़िया जिले में पिछले 18 दिनों से ठप पड़ी धान खरीद प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। प्रभारी डीएम अभिषेक पलासिया की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में मिलर और पैक्स प्रतिनिधियों के बीच चल रहे विवाद को पूरी तरह सुलझा लिया गया है। विवाद समाप्त होने के बाद प्रभारी डीएम ने सभी पैक्सों को तुरंत धान खरीद आरंभ करने का आदेश दिया है, ताकि किसानों को निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य समय पर मिल सके। प्रभारी डीएम के द्वारा राइस मिलों पर कृषि विभाग के दो पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। पैक्स प्रतिनिधियों ने शिकायत की थी कि मिलर आर्थिक शोषण करते हैं और मनमानी से धान स्वीकार करते हैं। इन शिकायतों के समाधान के लिए प्रभारी डीएम ने निर्देश दिया है कि पैक्स द्वारा किसानों से खरीदा गया धान तैनात अधिकारियों की मौजूदगी में ही राइस मिलों में जमा किया जाएगा। अधिकारी धान की रिसीविंग, वजन और सभी कागजी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। इस व्यवस्था से किसी विवाद या अनियमितता की संभावना नहीं रहेगी और पूरी खरीद प्रक्रिया पारदर्शी रूप से चलेगी। धान खरीद 15 नवंबर से शुरू होनी थी, परंतु मिलर और पैक्स के बीच विवाद के कारण खरीद पूरी तरह ठप हो गई थी। जिले में लगभग 9700 किसानों ने धान बेचने के लिए आवेदन दिया था, लेकिन खरीद बंद रहने की वजह से केवल 39 किसानों से 283 एमटी धान ही खरीदा जा सका। पड़ोसी जिलों में हजारों एमटी धान की खरीद सुचारू रूप से चलती रही। जिले के सातों प्रखंडों में कुल 65 क्रय केंद्र संचालित किए जाने की स्वीकृति दी गई है। अलौली प्रखंड में 16 क्रय केंद्र, बेलदौर और चौथम प्रखंड में 9-9 क्रय केंद्र, गोगरी में 10 क्रय केंद्र, खगड़िया प्रखंड में 13 क्रय केंद्र, मानसी प्रखंड में 6 क्रय केंद्र तथा परबत्ता प्रखंड में 2 क्रय केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। खरीद की स्थिति बेहद कमजोर रही। अब तक अलौली में 15 किसानों से, चौथम में 18 किसानों से, गोगरी में 5 किसानों से और खगड़िया में 1 किसान से धान की खरीद की गई है। लगभग 9700 किसान आवेदन देकर खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। जिले में धान खरीद रुकने के कारण किसानों को बाजार में कम दाम पर धान बेचना पड़ा, जिससे प्रति क्विंटल 400 से 500 रुपये तक का नुकसान हुआ। रबी फसल की बुवाई का समय चल रहा है, जिसके चलते किसानों को मजबूरी में औने-पौने दाम पर धान बेचने की स्थिति का सामना करना पड़ा। चयनित पैक्सों को धान खरीद का निर्देश ^जिले में धान खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से सहकारिता विभाग के पदाधिकारियों, पैक्स प्रतिनिधियों, व्यापार मंडल और मिलरों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। पैक्सों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और राइस मिलों पर पदाधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। सभी चयनित पैक्सों को तुरंत धान खरीद शुरू करने का निर्देश दिया गया है। पदाधिकारियों को सभी क्रय केंद्रों और राइस मिलों की सतत निगरानी करने का आदेश दिया गया है, जिससे धान खरीद प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संचालित हो। अभिषेक पलासिया, प्रभारी डीएम।


https://ift.tt/am8c5J3

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *