DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

बिहार शरीफ सदर अस्पताल में एआई कैमरा से निगरानी:हॉस्पिटल में दलालों की एंट्री पर लगेगी लगाम, अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध

स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता लाने और मरीजों को दलालों के चंगुल से बचाने के उद्देश्य से नालंदा जिला प्रशासन ने सदर अस्पताल बिहार शरीफ में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। यह कदम उस समय उठाया गया है जब अस्पताल परिसर में लगातार अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश और मरीजों को निजी क्लीनिकों में ले जाने की शिकायतें मिल रही थीं। जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने नवनियुक्त सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह को सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इस नई तकनीक से लेबर रूम और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से प्रवेश करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करना आसान हो जाएगा। दलालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी सदर अस्पताल में मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी क्लीनिकों में ले जाने की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन दलालों के गिरोह ने अस्पताल की साख को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ गरीब मरीजों की जेब पर भी भारी बोझ डाला है। जिला पदाधिकारी ने इस समस्या के समाधान के लिए एआई कैमरों की निगरानी प्रणाली को प्रभावी हथियार बताया है। बार-बार आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों को चिह्नित करते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सेवाओं में सुधार के निर्देश सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जिला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन को अस्पताल में सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सभी चिकित्सकों को समय पर उपस्थित रहना होगा, पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता करनी होगी और जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त जांच और उपचार की सुविधा प्रदान करनी होगी। ठंड से बचाव के लिए विशेष तैयारी सर्दियों के मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी अस्पतालों में ठंड से संबंधित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जन जागरूकता अभियान के माध्यम से आमजन को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एआई कैमरों की स्थापना का कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। यह पहल न केवल मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि सरकारी अस्पतालों में जनता के विश्वास को भी बहाल करने में मददगार साबित होगी।


https://ift.tt/6e3ZoBz

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *