DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

पूर्व विधायक डॉ. अजित सिंह ने सरकार पर साधा निशाना:बक्सर में अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीबों को उजाड़ने का आरोप, आंदोलन की चेतावनी

बक्सर में डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजित कुमार सिंह ने बिहार सरकार और राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए हैं। डुमरांव प्रखंड कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर निशाना साधा। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल गरीबों को उजाड़ रही है। उन्होंने कहा कि गरीब, मजदूर और कमजोर तबके के लोगों के घर-दुकान तोड़े जा रहे हैं, जबकि बड़े और प्रभावशाली लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। ”हमने सरकार को हिलाने का काम शुरू किया” डॉ. सिंह ने सरकार पर ‘नशे में होने’ का आरोप लगाते हुए कहा, “यह सरकार नशे में है। इन्हें लगता है कि इन्हें रोकने वाला कोई नहीं है। इसी कारण हमने सरकार को हिलाने का काम शुरू किया है।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गरीबों को उजाड़ने की कार्रवाई नहीं रोकी गई, तो वे जनता को एकजुट कर बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। पूर्व विधायक ने कहा कि सरकार को जनता की ताकत का अहसास कराया जाएगा और जरूरत पड़ने पर सड़क से सदन तक संघर्ष किया जाएगा। ”बिहार में दो उप मुख्यमंत्रियों के बीच वर्चस्व की लड़ाई” राज्य की राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए डॉ. अजित कुमार सिंह ने कहा कि बिहार में दो उप मुख्यमंत्रियों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा आपस में ही एक-दूसरे से मुकाबला कर रहे हैं। डॉ. सिंह के अनुसार, दोनों नेता अपनी-अपनी छवि बनाने और राजनीतिक पकड़ मजबूत करने में लगे हैं, जिसका सीधा असर शासन-प्रशासन पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता के भीतर की यह खींचतान विकास कार्यों में बाधा बन रही है। ”योजनाएं शुरू होते ही दम तोड़ देती” औद्योगिकीकरण के मुद्दे पर भी पूर्व विधायक ने सरकार को घेरा। उन्होंने बताया कि नावानगर में स्थापित एथेनॉल प्लांट, जिसे शुरू हुए ज्यादा दिन नहीं हुए थे, वह बंद हो गया है। डॉ. सिंह ने सवाल उठाया कि यह कैसा औद्योगिकीकरण है, जहां योजनाएं शुरू होते ही दम तोड़ देती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार असल में राज्य की संपत्तियों को बड़े कॉर्पोरेट घरानों के हाथों बेचने का काम कर रही है, जबकि स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और टिकाऊ उद्योग स्थापित करने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।पूर्व विधायक ने कहा कि बिहार की जनता अब सब कुछ देख और समझ रही है। आने वाले समय में सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक बड़ा जन आंदोलन खड़ा होगा और जनता अपने हक की लड़ाई खुद लड़ेगी।


https://ift.tt/n1JePEB

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *