नवादा सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को एक दिवसीय जिला स्तरीय बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पतालों की कार्यप्रणाली में सुधार, साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा। बैठक के दौरान सिविल सर्जन ने बिना सूचना के अनुपस्थित रहने वाले स्वास्थ्य कर्मियों पर नाराजगी जताई और भविष्य में ऐसी लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों की देखभाल और समग्र व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया। इस बैठक में नवादा सदर, रजौली अनुमंडल, नरहट प्रखंड सहित अन्य क्षेत्रों से आए स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया। सिविल सर्जन ने सभी को निर्देश दिया कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और अस्पताल की सेवाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका से ही व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव संभव है। प्रशिक्षण सत्र में मोबाइल ऐप के उपयोग पर विशेष फोकस किया गया। सिविल सर्जन ने बताया कि अस्पताल में किए गए किसी भी सुधार कार्य की तस्वीर खींचकर संबंधित ऐप पर अपलोड करना अनिवार्य होगा, जिससे निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। यह व्यवस्था ‘कायाकल्प अभियान’ के तहत लागू की जा रही है, जिसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक बनाना है। इसके अलावा महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, प्रसव पूर्व और प्रसव बाद की देखभाल पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। ‘सरस्वती’ महिला वार्ड में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और महिलाओं की देखभाल में किसी भी तरह की कमी न रहने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में सदर अस्पताल के डीपीएम अमित कुमार, अस्पताल प्रबंधक कुमार आदित्य सहित कई अधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने इस प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए निर्देशों को अमल में लाने का संकल्प लिया।
https://ift.tt/K7ButEQ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply