DniNews.Live

जालौन के बैरागढ़ धाम में उमड़ी भक्तों की भीड़:नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा की विशेष पूजा

जालौन में चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन जनपद भर में मां दुर्गा के चतुर्थ स्वरूप मां कूष्मांडा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरे जिले का माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर मां के दरबार में मत्था टेका और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। जालौन के उरई तहसील क्षेत्र के प्रसिद्ध बैरागढ़ धाम शक्तिपीठ में चौथे दिन विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। यहां सुबह मंगला आरती के साथ ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा। पुजारियों ने मां कूष्मांडा का विधिवत श्रृंगार कर विशेष पूजा कराई। भक्तों ने नारियल, चुनरी और फल-फूल चढ़ाकर मां का आशीर्वाद लिया। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया और श्रद्धालु मां के भजनों पर झूमते नजर आए। इसके अलावा जिले के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी दिनभर पूजा-पाठ का सिलसिला जारी रहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन की ओर से मंदिरों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा को विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से पूजा करने पर मां अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। जिले में बढ़ती आस्था और उत्साह ने नवरात्रि के पर्व को और भी भव्य बना दिया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *