UPPSC (उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग) की ओर से एपीओ यानी सहायक अभियोजन अधिकारी की प्रारंभिक परीक्षा आज रविवार को हो रही है। जनपद में इसके लिए 29 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जबकि जनपद में 13105 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा में किसी तरह की सेंधमारी ना होने पाए, इसके लिए आयोग की ओर से एक कार्यदायी संस्था को जिम्मेदारी दी गई है। परीक्षार्थियों को आइरिस स्क्रीनिंग के बाद ही अंदर जाने की एंट्री दी जाएगी। सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी। ADM सिटी को परीक्षा के लिए जनपद का नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के लिए स्पष्ट गाइडलाइन आयोग के निर्देशन में जारी किया है।
हर केंद्र पर मौजूद रहेंगे सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट
इस महत्वपूर्ण परीक्षा को सकुशल संपन्न करने के लिए सभी 29 परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। यह पूरे परीक्षा अवधि के दौरान केंद्र पर मौजूद रहेंगे। सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया गया है कि वह परीक्षा शुरू होने की 3 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचेंगे। परीक्षार्थियों के लिए भी स्पष्ट गाइडलाइन जारी किया गया है जिसमें कहा गया है कि वह परीक्षा केंद्र पर कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल, ब्लूटूथ जैसे सामान लेके नहीं जाएंगे। DIOS भोलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस परीक्षा को देखते हुए मूल्यांकन कार्य स्थगित रहेगा। दोपहर 1:00 बजे के बाद पहले की तरह कॉपियों का मूल्यांकन शुरू होगा। जनपद में चार मूल्यांकन केंद्र हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से सहायक अभियोजन अधिकारी के लिए 182 पदों पर वैकेंसी निकाली गई थी। अभ्यर्थियों ने 16 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच आवेदन किये थे।

Leave a Reply