फिरोजाबाद। पुलिस ने एक बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने के प्रयास के मुख्य आरोपी को शनिवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना थाना उत्तर क्षेत्र में हुई थी, जिसका खुलासा पुलिस ने मात्र छह घंटे के भीतर किया। आरोपी ने बच्ची को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहम्मद फरमान पुत्र मोहम्मद हाशिम, निवासी असरफगंज, थाना रसूलपुर, अपने साथी अलीशान के साथ मिलकर बच्ची को फल खिलाने का लालच देकर एक कमरे में ले गया था। बच्ची के परिजनों की शिकायत पर थाना उत्तर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए, सौरभ दीक्षित के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। थाना उत्तर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर प्रकाश नगर स्थित बच्चू बाबा सरस्वती मंदिर के पीछे दबिश दी। घेराबंदी के दौरान आरोपी फरमान ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में शामिल दूसरे आरोपी अलीशान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा अपराध टल गया।

Leave a Reply