DniNews.Live

आगरा में दीपक की लौ से घर में लगी आग:गैस लीकेज से हुआ धमाका, छत से कूदी बेटी के टूटे पैर; मां-बेटा समेत 3 झुलसे

आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के राजनगर में शनिवार शाम नवरात्र के तृतीय दिवस पर पूजा के दौरान गैस लीकेज से अचानक आग लग गई। दीपक जलाते ही धमाके के साथ आग भड़क उठी। परिवार के लोग किसी तरह भागकर बाहर निकले, लेकिन इस दौरान मां, बेटा और भाई झुलस गए। जान बचाने के लिए छत से कूदी बेटी के दोनो पैर में फ्रैक्चर हो गया। चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रजानगर शाहदरा निवासी अखिलेश शर्मा ने बताया कि उनके घर में 25 वर्ष पुरानी परचून की दुकान है। शनिवार दोपहर को ही सिलिंडर की डिलीवरी हुई थी। शाम करीब 7 बजे वह अपने परिवार के आठ सदस्यों के साथ छत पर रोज की तरह पूजा करने गए थे। भजन-कीर्तन के दौरान उनकी पत्नी वंदना ने मंदिर में दीपक जलाया। उसी समय पहले से गैस लीकेज हो रही थी। अचानक धामाका हुआ और भीषण आग लग गई। आग लगते ही सभी लोग सीढ़ियों के रास्ते नीचे भागे। इस दौरान उनकी पत्नी वंदना, बेटा आरव और भाई शैलेंद्र शर्मा जमीन पर गिर गए। तीनों आग की चपेट में आकर झुलस गए। पड़ोसियों ने साहस दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इस हादसे में परचून की दुकान और घर का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित ने बताया कि लगभग पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। जांच अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *