मिर्जापुर पुलिस की साइबर टीम ने ऑनलाइन ठगी के शिकार एक युवक को राहत दी है। टीम ने पीड़ित के खाते में 50,000 रुपये वापस कराए हैं। युवक के मोबाइल गुम होने के बाद उसके खाते से 1,14,999 रुपये निकाल लिए गए थे। यह कार्रवाई थाना कोतवाली शहर की साइबर सेल द्वारा की गई। टेढ़ीनीम निवासी अख्तर अली ने 29 जनवरी 2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनका मोबाइल फोन गुम हो गया था, जिसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैंक खाते से 1,14,999 रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित ने घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर साइबर सेल टीम ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई की गई। साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ट्रांजेक्शन को ट्रैक किया और ठगी गई कुल रकम में से 50,000 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए। अपने खाते में पैसा वापस आने पर पीड़ित अख्तर अली ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। साइबर सेल ने उन्हें ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया। इस कार्रवाई में थाना कोतवाली शहर के प्रभारी निरीक्षक उपनिरीक्षक दयाशंकर ओझा और महिला कांस्टेबल पारुल श्रीवास्तवा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत एनसीआरपी पोर्टल या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस कराई जा सकती है।

Leave a Reply