मेरठ के लोहिया नगर स्थित इलेक्ट्रिक बस डिपो में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण सिटी बस सेवा पूरी तरह प्रभावित हो गई है। इससे शहर के यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। डिपो के ऑपरेशन मैनेजर दुष्यंत सिंह के अनुसार, 20 मार्च 2026 की सुबह 5 बजे से डिपो की बिजली आपूर्ति ठप है। समस्या के समाधान के लिए बिजली विभाग को लगातार सूचना दी गई, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। विभाग के कहने पर साहिबाबाद (गाजियाबाद) से एक्सपर्ट टीम भी बुलाई गई, जो मौके पर पहुंचकर इंतजार करती रही।
उन्होंने बताया कि 21 मार्च को शाम करीब 6 बजे बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन काम किए बिना यह कहकर लौट गई कि समस्या का समाधान आज संभव नहीं है। इसके चलते डिपो में खड़ी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन पूरी तरह बंद रहा। बिजली न होने के कारण आज सिटी बस सेवा का संचालन नहीं हो सका, जिससे आम जनता को काफी परेशानी हुई। वहीं अधिकारियों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो अगले दिन भी बस संचालन प्रभावित रह सकता है।
डिपो प्रशासन ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द समस्या समाधान की मांग की है, ताकि शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुचारू किया जा सके। उनका कहना है कि हमेशा बिजली की समस्या होने पर विघुत विभाग द्वारा इसी प्रकार की लापरवाही की जाती है, जिस कारण संचालन बंद होने से शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

Leave a Reply