प्रतापगढ़ में शनिवार शाम को गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं के टेंपो और ट्रक की टक्कर में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बाघराय थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मंडल भासौ स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास जेठवारा लालगोपालगंज मार्ग पर हुआ। मृतक महिला की पहचान 50 वर्षीय सन्नो के रूप में हुई है। हादसे में सन्नो का भाई प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके एक पांव और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। प्रमोद गंगा स्नान कर श्रृंग्वेरपुर से अपने घर लीलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मुल्तानीपुर लौट रहा था, और सन्नो उसे छोड़ने जा रही थी। टेंपो में सवार मनीष धुरिया (20 वर्ष) और सलोनी (20 वर्ष) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, सभी लोग टेंपो में सवार होकर गंगा स्नान के बाद घर लौट रहे थे। खाटू श्याम मंदिर के सामने हाईवे पर सामने से आ रहे एक ट्रक से टेंपो की टक्कर हो गई। बाघराय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शेष घायलों को सीएचसी बाघराय से जिला अस्पताल रेफर किया गया।

Leave a Reply