देवरिया। जिले के भागलपुर और लार ब्लॉक क्षेत्र में शनिवार शाम करीब चार बजे मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। लगभग आधे घंटे तक हुई इस बारिश के कारण सड़कों और खेतों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान चली तेज हवाओं से कई स्थानों पर पानी जमा हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे रास्ते कीचड़ से भर गए, जिससे पैदल चलने वालों और वाहनों को निकलने में परेशानी हुई।इ स बारिश का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ा है। खेतों में पानी भर जाने से आलू और सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। जिन किसानों ने हाल ही में फसल कटाई की तैयारी की थी, उनके लिए यह बारिश चिंता का कारण बन गई है। जलभराव के कारण फसलों के सड़ने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं, खेतों में लगी गेहूं की फसल भी गिर गई है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।स्थानीय किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में इसी तरह बारिश जारी रहती है, तो फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। विशेषकर सब्जी उत्पादक किसानों को अधिक क्षति उठानी पड़ सकती है। शहर और कस्बों में भी बारिश के कारण कई जगह जलभराव देखा गया। नालियों की उचित सफाई न होने के कारण पानी सड़कों पर जमा हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ऐसे में किसानों को सतर्क रहने और अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply