DniNews.Live

चिराग पासवान ने CM योगी को लिखा पत्र:भदोही के सेमराधनाथ धाम को पर्यटन स्थल बनाने का अनुरोध

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भदोही के सेमराधनाथ धाम को पर्यटन स्थल घोषित करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। उन्होंने धाम को प्रयागराज-वाराणसी पर्यटन सर्किट में शामिल करने का भी अनुरोध किया है। यह पहल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश महासचिव और भदोही प्रभारी कमलेश तिवारी (कमल) द्वारा केंद्रीय कैबिनेट मंत्री चिराग पासवान को सौंपे गए एक पत्र के बाद की गई है। तिवारी ने इस विषय पर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन पासवान को दिया था। चिराग पासवान ने इस अनुरोध का संज्ञान लेते हुए यह कदम उठाया है, जिसे भदोही जिले के गौरव और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सेमराधनाथ धाम अपनी विशेष धार्मिक मान्यता के लिए प्रसिद्ध है। यहां भगवान शिव का पवित्र शिवलिंग एक कुंड के भीतर स्थापित है, जो इसे अन्य शिव मंदिरों से अलग पहचान देता है। यह धाम स्थानीय और दूर-दराज के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। यदि इस धाम को पर्यटन स्थल घोषित कर प्रयागराज-वाराणसी सर्किट में जोड़ा जाता है, तो इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, क्षेत्रीय विकास, स्थानीय व्यापार में वृद्धि और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे। कमलेश तिवारी (कमल) ने इस पहल पर खुशी व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का आभार जताया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेंगे और जल्द ही सेमराधनाथ धाम को पर्यटन मानचित्र पर विशेष स्थान मिलेगा। भदोही जिले के प्रदेश संगठन महामंत्री धनंजय दुबे, जिला अध्यक्ष विकास दुबे, राहुल तिवारी, गोविंद पासवान, सूरज गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी चिराग पासवान की भदोही के विकास के प्रति प्रतिबद्धता पर खुशी जाहिर की और उन्हें धन्यवाद दिया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *