DniNews.Live

केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने बिलसंडा में किया जनसंवाद:विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर अधिकारियों को दिए निर्देश

केंद्रीय राज्य मंत्री और पीलीभीत के सांसद जितिन प्रसाद शनिवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर बिलसंडा ब्लॉक पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर जनता से सीधा संवाद किया और विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। दौरे की शुरुआत में केंद्रीय राज्य मंत्री ने ब्लॉक क्षेत्र के एलकेटी इंटरनेशनल स्कूल का उद्घाटन किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शिक्षण संस्थानों के महत्व पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने ग्राम मार, मझगवां और गौहनिया का दौरा किया, जहां चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। गौहनिया में जितिन प्रसाद ग्राम प्रधान विमला देवी के आवास पर पहुंचे और उनकी ददिया सास जमुना देवी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर प्रधान पति विनोद कुमार राजपूत ने मंत्री को वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। प्रधान ने गौहनिया चौराहे पर विद्युतीकरण और जल निकासी के लिए एक बड़े नाले के निर्माण की मांग रखी। मंत्री ने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता को मौके पर तलब कर तत्काल विद्युतीकरण की योजना पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग के माध्यम से नाला निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने आवारा पशुओं की समस्या उठाई, जिस पर मंत्री ने संबंधित विभाग को पशुओं को संरक्षित करने के निर्देश दिए। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे। इस दौरे के दौरान बीकेपी विधायक विवेक वर्मा, जिला अध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, पूर्व जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह और बिलसंडा मंडल अध्यक्ष संजीव मौर्य सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *