DniNews.Live

संभल में गैस सिलेंडर को लेकर किल्लत हुई कम:किसी को बुकिंग के 24 घंटे में सिलेंडर मिला तो कहीं 3 दिन बाद भी डिलीवर नहीं

संभल में एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। जहां कुछ उपभोक्ताओं को बुकिंग के 24 घंटे के भीतर सिलेंडर मिल रहा है, वहीं कई ऐसे भी हैं जिन्हें तीन दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिला है। जिले में कुल 4.50 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं। जिला पूर्ति अधिकारी और गैस एजेंसी मालिकों का दावा है कि गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, 10,000 से अधिक उपभोक्ता ई-केवाईसी न होने के कारण सिलेंडर डिलीवरी में परेशानी का सामना कर रहे हैं। शनिवार को ईद का त्यौहार होने के कारण जनपद की गैस एजेंसियों पर भीड़ कम देखी गई। जिले की 39 गैस एजेंसियों के 4.50 लाख उपभोक्ताओं के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन में गैस बुक हो रही है। उपभोक्ताओं की प्रतिक्रियाएं अलग-अलग हैं; कुछ को बुकिंग के अगले दिन ही सिलेंडर मिल गया, जबकि अन्य का कहना है कि उन्हें तीन से आठ दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले उपभोक्ताओं को सातवीं डिलीवरी के बाद ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा यह प्रक्रिया पूरी न करने के कारण भी बुकिंग और डिलीवरी में दिक्कतें आ रही हैं, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जहां उज्ज्वला कनेक्शन अधिक हैं। गांव कबीर की सराय निवासी फूलवती ने बताया कि तीन दिन पहले बुकिंग करने के बावजूद उन्हें अब तक सिलेंडर नहीं मिला है, जिससे उन्हें चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है। वहीं, गांव पिपली रहमापुर निवासी इब्राहिम ने बताया कि उन्होंने कल सुबह 10 बजे बुकिंग की थी और आज शाम 4 बजे उन्हें गैस सिलेंडर मिल गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति ठीक है। राजेंद्र पाल ने बताया कि गैस की आपूर्ति बिल्कुल सामान्य है। गैस की कोई कमी नहीं है और जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। लोगों के बीच गैस की कमी को लेकर केवल अफ़वाहें और डर फैलाया गया है। वह पिछले 40 वर्षों से गैस की आपूर्ति कर रहे हैं और उनके पास इस काम का अनुभव है। उपभोक्ताओं को दिक्कत ना हो और गोदाम तक न जाना पड़े इसके लिए मोहल्ले में ही लाकर एक स्थान से सिलेंडर वितरित किया जा रहे हैं। लोग अपना ओटीपी (OTP) नंबर दिखाकर आसानी से गैस सिलेंडर प्राप्त कर रहे हैं। पीछे से सप्लाई बहुत अच्छी आ रही है। गैस का कोई संकट नहीं है, यह सिर्फ़ एक भ्रम है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *