उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक बियर फैक्ट्री के बाहर शनिवार को एक हादसा हो गया। ट्रक से तिरपाल हटाते समय हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की पहचान मेरठ निवासी 50 वर्षीय सुनील पुत्र ओमप्रकाश और कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के ररुवा गांव निवासी 40 वर्षीय सर्वेश पुत्र रामपाल के रूप में हुई है। वे बियर लोडिंग के लिए अपनी गाड़ी लेकर उन्नाव स्थित फैक्ट्री पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री परिसर के बाहर ट्रक खड़ा कर दोनों लोडिंग की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान, जब वे ट्रक पर लगी तिरपाल हटा रहे थे, तो वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई। करंट दौड़ने से दोनों लोग उसकी चपेट में आकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय कर्मचारियों और लोगों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद करवाई और घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। दोनों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने फैक्ट्री प्रबंधन और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply