बलरामपुर की तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम धुसाह में 20 मार्च को आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान तीरथ राम वर्मा (पुत्र संतराम वर्मा) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। DM के निर्देश पर राजस्व विभाग और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, पीड़ित परिवार को शासन द्वारा अनुमन्य ₹4 लाख की आर्थिक सहायता राशि 24 घंटे के भीतर सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी गई। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता प्राप्त हुई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सभी आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूर्ण कीं। इस दुखद घटना के बाद सदर विधायक पलटूराम, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गोविंद सोनकर, भाजपा उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी, तहसील सदर के अधिकारी और ग्राम प्रधान राजू वर्मा पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। विधायक पलटू राम ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ‘यह अत्यंत दुखद घटना है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।’ उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर सहायता राशि उपलब्ध कराकर पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने का काम किया है। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा सतर्कता बरतें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply