DniNews.Live

जालौन में थाना प्रभारी अजय पाठक सस्पेंड:लूट के आरोपी के साथ मनाया जन्मदिन, वीडियो आया सामने

जालौन जनपद के कुठौंद थाने के प्रभारी निरीक्षक अजय पाठक को पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने निलंबित कर दिया है। उन पर अपराधियों से नजदीकी रखने और एक वायरल वीडियो में आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के साथ जन्मदिन मनाने का आरोप है। इससे पहले उन्हें लाइन हाजिर किया गया था। इंस्पेक्टर पाठक पर अपराधियों के साथ अनुचित व्यवहार और नजदीकी संबंध रखने के गंभीर आरोप लगे थे। यह मामला तब और गंभीर हो गया जब कुठौंद थाना क्षेत्र में एक महिला से लूटपाट हुई। इस घटना में महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। लूट की घटना के अगले ही दिन इंस्पेक्टर अजय पाठक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस वीडियो में वह कथित तौर पर कुछ आपराधिक पृष्ठभूमि के व्यक्तियों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाते हुए दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की छवि पर सवाल उठने लगे थे। मामले की जानकारी मिलते ही उच्च अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया और जांच शुरू कराई। प्रारंभिक जांच में इंस्पेक्टर पाठक की लापरवाही और आचरण संबंधी अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि विभाग में अनुशासनहीनता और अपराधियों से किसी भी प्रकार की सांठगांठ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि धूमिल करने वाले किसी भी कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले की विस्तृत जांच सीओ कोंच द्वारा जारी है और आगे भी विभागीय कार्रवाई की संभावना है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *