बस्ती के हर्रैया थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान एक युवक की ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। पुलिस के अनुसार 20 मार्च की रात करीब 12.45 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि खम्हरिया सुजात गांव निवासी सत्यम पांडेय को योगेश पांडेय ने मारपीट कर घायल कर दिया है। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घायल सत्यम को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सत्यम की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भी स्थिति में सुधार न होने पर उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सत्यम पांडेय और योगेश पांडेय के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया, जिसके दौरान योगेश पांडेय ने ईंट से सत्यम के सिर पर वार कर दिया। इस हमले से सत्यम को गंभीर चोटें आईं और उसके कान से खून बहने लगा। इस मामले में हर्रैया थाने में तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 110 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और आरोपी योगेश पांडेय की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

Leave a Reply