शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर सेक्टर 52 के रहने वाले वरिष्ठ प्रबंधक से साइबर ठगों ने ठगी के जाल में फंसाया। शुरूआत में बैंक खाते में रकम ट्रांसफर कराकर विश्वास जीता। फिर वरिष्ठ प्रबंधक से 18 बार में 43 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। मुनाफे समेत रकम नहीं निकलने पर वरिष्ठ प्रबंधक को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। नोएडा सेक्टर 52 के रहने वाले ललित कपिला एक कंपनी कार्यालय में वरिष्ठ प्रबंधक हैं। वह शेयर बाजार में भी रुचि रखते हैं। 21 फरवरी 2026 को वाट्सअप पर एक नामी कंपनी के नाम से स्टाक, ओटीसी और आइपीओ ट्रेडिंग करने के एक व्यावसायिक अवसर का प्रस्ताव मिला। मैसेज में दिए नंबर पर संपर्क किया तो कथित दीया मेहरा नाम की महिला कर्मी से बात हुई। 500 प्रतिशत रिटर्न का दिलाया भरोसा
उसने निवेश करने पर 3-6 महीनों के अंदर 300 से 500 प्रतिशत तक रिटर्न मिलने का दावा किया। ललित ने पंजीकरण कर छोटा निवेश किया तो मुनाफा हुआ। उन्होंने बैंक खाते में एक बार 200 रुपये और दूसरी बार मे छह हजार रकम ट्रांसफर किए तो वह आसानी से बैंक खाते में आ गए। ललित ने छह मार्च तक करीब 18 बार में 43 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जरुरत पड़ने पर नहीं निकली रकम
जरूरत पड़ने पर कुछ रकम निकालने का प्रयास किया तो ठगों कर के रूप में और रकम जमा कराने को बोला। इससे पीड़ित को मामला संदिग्ध लगा। उन्होंने पहले एनसीआरपी पोर्टल और फिर साइबर क्राइम थाना पुलिस से शिकायत की। डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि पीड़ित की शिकातय पर मुकदमा दर्ज कर जांच कराई जा रही है। ठगी में संलिप्त बैंक खातों की जानकारी की जा रही है।

Leave a Reply