गोरखपुर में पहली बार आयोजित MCC हाई परफार्मेंस कैंप में युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को उच्च स्तर की ट्रेनिंग दी जा रही है। कैंप में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया, वहीं श्रीलंका के दिग्गज गेंदबाज चमिंडा वास और कोच ज्वाला सिंह ने खिलाड़ियों को खेल के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। कैंप में मुंबई रणजी टीम के खिलाड़ी और अनुभवी कोच विनायक सामंत पहले से प्रशिक्षण दे रहे हैं। इस पहल से पूर्वांचल के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को निखारने और बड़े स्तर पर पहुंचने का अवसर मिल रहा है। कैंप में पूर्वांचल के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
खेल के साथ पढ़ाई भी जरूरी
केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी का आना क्षेत्र के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट सबसे अधिक लोकप्रिय खेल है, लेकिन अन्य खेलों को भी बराबर महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी के लिए पढ़ाई और खेल दोनों जरूरी हैं। सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत और बेहतर प्रदर्शन से ही खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। तकनीक के साथ फिटनेस और अनुशासन पर जोर
श्रीलंका के दिग्गज गेंदबाज चमिंडा वास ने कहा कि वह खिलाड़ियों के गेंदबाजी कौशल का आकलन कर उन्हें उसी के अनुसार प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज के युवा खिलाड़ी टी-20 की ओर ज्यादा आकर्षित होते हैं, लेकिन खेल का प्रारूप महत्वपूर्ण नहीं है। उन्होंने कहा कि फिटनेस और अनुशासन सफलता के दो अहम आधार हैं। इन पर ध्यान देने वाला खिलाड़ी किसी भी प्रारूप में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।

Leave a Reply