गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर एयरपोर्ट क्षेत्र में पांच नई अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। साथ ही सात नए पीसीआर/पीआरवी वाहन भी तैनात किए गए हैं, ताकि लोगों को तुरंत पुलिस मदद मिल सके। इन स्थानों पर अस्थाई चौकी
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि यह कदम एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील इलाके में सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए उठाया गया है। यहां बड़ी संख्या में यात्रियों का आना-जाना होगा, इसलिए पहले से ही पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। नई पुलिस चौकियां माइल स्टोन-32 किलोमीटर, कार्गो टर्मिनल, डोमेस्टिक टर्मिनल, माइल स्टोन-27 किलोमीटर और माइल स्टोन-15 किलोमीटर पर स्थापित की गई हैं। इन चौकियों का मकसद एयरपोर्ट के अंदर और बाहर दोनों जगह सुरक्षा बनाए रखना है। इनमें से तीन चौकियां माइल स्टोन-32, कार्गो टर्मिनल और डोमेस्टिक टर्मिनल डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन के अंतर्गत काम करेंगी। वहीं, माइल स्टोन-27 चौकी थाना रबूपुरा और माइल स्टोन-15 चौकी थाना दनकौर के अंतर्गत रहेगी। एयरपोर्ट के आसपास गश्त करेंगे वाहन
सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए सात नए पीसीआर/पीआरवी वाहन दिए गए हैं। ये वाहन एयरपोर्ट और उसके आसपास लगातार गश्त करेंगे। इनमें से एक पीसीआर वाहन यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर टोल से फलैदा कट तक गश्त करेगा। दूसरा वाहन एयरपोर्ट के मुख्य रास्तों पर निगरानी रखेगा। इसके अलावा दो पीआरवी वाहन बाहरी क्षेत्रों में सुरक्षा संभालेंगे, जहां गांव और आसपास के इलाके आते हैं। तीन अन्य पीआरवी वाहन जेवर डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन क्षेत्र में गश्त करेंगे। सभी वाहनों में आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं, जिससे किसी भी घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
हाईटेक पुलिसिंग पर होगा जोर
पुलिस के मुताबिक पूरी व्यवस्था को तकनीक के साथ जोड़ा जा रहा है। आधुनिक उपकरणों से लैस पुलिस वाहन और चौकियां किसी भी आपात स्थिति में तेजी से प्रतिक्रिया दे सकेंगी। इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के बड़े और महत्वपूर्ण एयरपोर्ट्स में शामिल होने जा रहा है। ऐसे में यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम बेहद जरूरी हैं। पुलिस द्वारा उठाए गए ये कदम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माने जा रहे हैं।

Leave a Reply