सहारनपुर में छात्रों को साइबर अपराध पर किया गया जागरूक:मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों पर जोर

सहारनपुर में मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत बुधवार को रेनबो स्कूल में एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और ट्रैफिक नियमों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम मे एसएसपी आशीष तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस अधीक्षक यातायात भी उपस्थित थे। एसएसपी आशीष तिवारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सुरक्षित समाज की जिम्मेदारी केवल पुलिस की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है। उन्होंने महिलाओं के प्रति किसी भी अपराध या असामाजिक हरकत की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया, क्योंकि समय पर सूचना बड़ी घटना को रोक सकती है। उन्होंने छात्राओं को बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य उन्हें सशक्त, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है। साइबर सुरक्षा पर बोलते हुए एसएसपी ने बताया कि अपराधी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को निशाना बनाते हैं। उन्होंने छात्रों को किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर भरोसा न करने और निजी जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्मार्ट बनना आवश्यक है, लेकिन सुरक्षित रहना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। यातायात सुरक्षा पर चर्चा करते हुए, एसएसपी आशीष तिवारी ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक कानूनी नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने और सड़क पर संयमित व्यवहार अपनाने की सलाह दी। छात्रों ने संवाद में सक्रिय रूप से भाग लिया और एसएसपी से कई प्रश्न पूछे। एसएसपी ने सभी सवालों के जवाब दिए और युवाओं को ‘सुरक्षा प्रहरी’ बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में, उन्होंने सभी छात्रों से स्वयं जागरूक बनने और अपने परिवार, दोस्तों व समाज को भी जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने महिला सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों पर शपथ ली, जिसमें उन्होंने सुरक्षित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/u4SBiko