उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को गांधी भवन सभागार में उद्योग विभाग और खादी ग्रामोद्योग विभाग ने एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान युवाओं और नागरिकों को विभागीय योजनाओं की नौ वर्षों की प्रगति से अवगत कराया गया। उपायुक्त उद्योग हर्ष प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। जनपद में इस योजना के अंतर्गत 3478 आवेदन स्वीकृत हुए हैं, जिससे प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 875 इकाइयों को 28.75 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई है। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत 4815 श्रमिकों को प्रशिक्षण दिया गया और टूलकिट वितरित कर लाभान्वित किया गया। इसके अतिरिक्त, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्त पोषण योजना में 240 लाभार्थियों को 3.96 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 671 इकाइयों को 14.04 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई। कार्यक्रम में लगभग 200 युवाओं ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को राजमिस्त्री, बढ़ई और दर्जी ट्रेड की टूलकिट वितरित की गईं। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना है। इस कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक सतीश कुमार, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी सुस्मिता सिंह सहित कई विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply