DniNews.Live

भाकियू का प्रदर्शन, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी:जालौन में बेमौसम बारिश से फसल नुकसान पर मुआवजे की मांग

जालौन जनपद में बेमौसम बारिश से रबी फसलों को हुए नुकसान को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने शनिवार को उरई तहसील में मासिक बैठक करने के बाद जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के जिला अध्यक्ष डॉ. द्विजेंद्र सिंह निरंजन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान तहसील पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना है कि जनपद में रबी सीजन के दौरान हुई बेमौसम बारिश से गेहूं, दलहन और तिलहन की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक वास्तविक नुकसान का सही आंकलन नहीं किया गया है। आरोप लगाया कि हर बार केवल औपचारिकता निभाते हुए अनुमान के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर दी जाती है, जिससे किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल पाता। किसानों ने मांग करते हुए, फसलों के नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराकर दैवीय आपदा राहत कोष एवं फसल बीमा कंपनियों के माध्यम से भरपाई कराई जाए। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने गेहूं की सरकारी खरीद को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जनपद में गेहूं की फसल पूरी तरह तैयार है, लेकिन अभी तक खरीद केंद्र शुरू नहीं किए गए हैं। मांग की गई कि तत्काल खरीद केंद्र खोलकर सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए और किसानों के साथ किसी प्रकार की घटतौली या आर्थिक उत्पीड़न न हो। इसके अलावा किसानों ने बिजली आपूर्ति की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना है कि निजी नलकूपों पर केवल 5 से 6 घंटे ही बिजली दी जा रही है, वह भी लो वोल्टेज के साथ, जिससे सिंचाई प्रभावित हो रही है। किसानों ने मांग की कि कम से कम 15 घंटे नियमित विद्युत आपूर्ति और वोल्टेज में सुधार किया जाए। नमामि गंगे परियोजना के तहत गांवों में पाइपलाइन बिछाने के नाम पर सड़कों को खोदकर छोड़ देने पर भी किसानों ने आक्रोश जताया। किसानों ने कहा न तो जलापूर्ति शुरू हुई और न ही सड़कों की मरम्मत हुई। साथ ही नहरों की सफाई और खुदाई के नाम पर कार्य बंद होने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिसे शीघ्र शुरू कराने की मांग की गई।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *