बाराबंकी में जयमाला के बाद बारात लौटी:5 दिन के अंदर लड़की की दादी और चचेरे भाई की मौत, डीजे बजाने से रोका तो वापस ले गए बारात
बाराबंकी में जयमाला के बाद बारात बिना लड़की को लिए वापस लौट गई। दहेज की मांग और डीजे बजाने को लेकर हुए झगड़े के बाद लड़के वाले बारात लेकर चले गए। शादी के दिन ही लड़की के चचेरे भाई और 5 दिन पहले दादी की मौत हुई थी, जिस पर घर वालों ने डीजे न बजाने के लिए कहा था। इस बीच शादी की रस्में चलती रहीं। लड़की-लड़की ने एक दूसरे को जयमाला भी पहना दिया। मिन्नतें करने के बाद भी लड़के वाले नहीं माने और तेज आवाज में गाना बजाया। इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। लड़के वालों ने दहेज की मांग बढ़ा दी, जब पिता ने मजबूरी जताई तो लड़की को लिए बिना ही बारात लौट गई। पहले दो तस्वीरें देखिए… अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… पूरा मामला मसौली थाना क्षेत्र के ज्योरी गांव का है। राजेश किसान हैं। उन्होंने अपनी बेटी पूजा की शादी बदोसराय थाना क्षेत्र के तूलीपुर गांव के रहने वाले सूरज पुत्र राजू से तय थी। सूरज चेन्नई में नौकरी करता है और पिता गांव में किसानी। शादी को लेकर पहले ही दहेज की बात तय थी। पिता ने शादी का सारा इंतजाम किया और तय दहेज भी दिया। रविवार को घर में मेहमानों की चहल-पहल थी। मंडप सजा था रिश्तेदार जुटे थे और दुल्हन लाल जोड़े में सजी बैठी थी। लेकिन घर पर दुख का माहौल भी था। पूजा की दादी प्रेमा देवी (50) का 5 दिन पहले निधन हुआ था। परिवार ने तय किया कि शादी की तारीख नहीं टाली जाएगी बस रस्में सादगी से पूरी होंगी। इसको लेकर लड़के वालों से भी बातचीत हो गई थी। शादी वाले दिन ही चचेरे भाई की मौत
इसी बीच शादी के दिन ही पूजा के चचेरे भाई प्रदीप (13) की अचानक मौत हो गई। दुख से भरे माहौल में भी पिता राजेश ने हिम्मत जुटाई और बारातियों से कहा कि घर में मौत हुई है आज डीजे मत बजवाना बस शांति से शादी की रस्म अदा हो जाएं। लेकिन इस विनती के बाद भी झगड़ा हो गया। डीजे पर गाना बजाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई और बात इतनी बढ़ गई कि माहौल बिगड़ता गया। इस समय तक दूल्हा-दुल्हन ने एक दूसरे को जयमाला पहना दिया था और कई रस्में हो चुकी थीं। झगड़ा ज्यादा बढ़ा तो पिता ने लड़के वालों से मिन्नतें कीं। इस पर लड़के की तरफ से आए लोगों ने दहेज की डिमांड बढ़ा दी। राजेश ने तय सामान देने की बात कही तो लड़के वालों ने शादी से मना कर दिया। पिता बोले- धूमधाम से करनी थी शादी
पिता ने बताया कि मेरी दो बेटियां और दो बेटे हैं। पत्नी की मौत बहुत पहले हो गई थी। बड़ी बेटी की शादी 5 साल पहले कर दी थी। दोनों बेटे अंकुर और अनुज छोटे हैं। पूजा की शादी धूमधाम से करने का सपना था, लेकिन 5 दिन पहले ही मां की मौत हो गई। हम लोगों ने सोचा कि सादगी से बारात विदा कर देंगे। हम लोग शादी से पहले लड़के वालों के घर गए, तो उन लोगों ने भी हामी भर दी। डीजे न बजाने की बात हुई थी। कल जब बारात आनी थी उससे कुछ देर पहले की भतीजे की मौत हो गई। परिवार ने इतना बड़ा सदमा भी छिपा लिया। भाई ने भी कहा कि बेटी को विदा करो, शादी रोकने का कोई मतलब नहीं है। हम लोगों ने इस घटना की जानकारी भी लड़के वालों को दी। रात में बारात पहुंची तो भरे मन से हम लोगों ने स्वागत किया और रस्में शुरू कराई गईं। दो लोगों की मौत के बाद बजाया डीजे
इसी बीच जयमाला का कार्यक्रम भी हो गया। मना करने के बाद भी लड़के वाले डीजे लेकर पहुंचे थे। हमने उनसे विनती की कि ऐसे माहौल में डीजे न बजाएं। इस पर लड़के साइड के लोग बहस करने लगे। जब झगड़ा बढ़ने लगा तो बड़े लोगों ने आपस में बात की। इस पर लड़के वाले दहेज में बाइक, सोने की चेन और 50 हजार रुपए कैश की डिमांड करने लगे। अचानक से इतना इंतजाम करने में मैंने असमर्थता जताई तो वह लोग बारात ले जाने की धमकी देने लगे। हम लोगों ने काफी मिन्नतें की, लेकिन नहीं मानें। हमारी लड़की हाथ में मेहंदी लगाए रोती रही। जिस घर से डोली उठनी थी वहां सन्नाटा पसर गया। परिवार महीनों से इस दिन की तैयारी में जुटा था, लेकिन पहले दो मौत और फिर बारात लौटने के बाद परिवार पर कहर टूट पड़ा। दहेज का बहाना बनाकर वापस ले गए बारात
पिता ने कहा कि बड़ी मुश्किल से रिश्ता तय हुआ था। बेटी की मुस्कान देखने की तमन्ना थी पर अब सब खत्म हो गया। दहेज का बहाना बनाकर शादी से इनकार कर दिया गया। उन्होंने बताया कि परिवार पहले से ही सदमे में था, मां का साया बचपन में ही बेटी के सर से छिन गया, फिर दादी और चचेरे भाई की मौत ने परिवार को तोड़ दिया। अब बेटी की शादी टूटने के बाद पूरा परिवार गहरे दुख में डूब गया है। रिश्तेदारों और गांव वालों की आंखे भी नम
दुल्हन की चाची ने बताया कि बारात आई थी। बढ़िया जयमाला हो गया और उसके बाद डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ और बारात लौट गई। घर में मातम और बारात लौटने से भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदारों और ग्रामीणों की आंखें भी नम हैं। हर कोई कह रहा है कि अगर थोड़ी संवेदना दिखाई जाती तो एक लड़की की ज़िंदगी उजड़ने से बच सकती थी। —————— यह खबर भी पढ़ें… बाराबंकी में कपड़ा व्यापारी ने खुद को मारी गोली:भाई बोला-रिटायर्ड दरोगा ने दी थी गालियां, सुसाइड नोट में लिखा-जीने की हिम्मत नहीं बची बाराबंकी में कपड़ा व्यापारी ने सुसाइड कर लिया। रविवार रात को व्यापारी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से कनपटी से सटाकर फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो खून से लथपथ व्यवसायी लुढ़के पड़े थे। हाथ में रिवॉल्वर था। पुलिस को व्यवसायी के कमरे से तीन पेज का सुसाइड नोट भी मिला है। व्यापारी के छोटे भाई ने आरोप लगाया कि एक रिटायर्ड दरोगा ने कर्ज वसूली के लिए रविवार शाम को फोन पर गालियां दी थी। पढ़ें पूरी खबर…
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/OXh84nk
Leave a Reply