DniNews.Live

भदोही में ईद-उल-फितर की नमाज अदा:अमन-चैन की दुआएं मांगी गईं, लोगों ने दी मुबारकबाद

भदोही में शनिवार को ईद-उल-फितर के मौके पर जनपद के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। इस दौरान मुस्लिम समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला, विशेषकर बच्चों में ईद को लेकर अलग ही खुशी नजर आई। ईदगाहों और मस्जिदों में रंग-बिरंगी व सफेद पोशाकों में लोग पहुंचे, जिससे पूरा माहौल नूरानी हो गया।
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान रोजा, नमाज, तरावीह, सदका-ए-फित्र और जकात समेत नेक अमलों की कबूलियत के लिए दुआएं मांगी गईं। साथ ही देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए भी विशेष प्रार्थना की गई।
रमजान के एक माह के रोजों के बाद ईद के पर्व को लेकर लोगों में खास तैयारी देखने को मिली। सुबह लोग जल्दी उठे, स्नान कर नए कपड़े पहने और इत्र लगाकर परिवार के साथ नमाज अदा करने ईदगाहों व मस्जिदों पहुंचे। नमाज के बाद कई लोग कब्रिस्तान जाकर अपने पूर्वजों की मगफिरत के लिए दुआ करते नजर आए।
ईद को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। नगर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। ईदगाहों और मस्जिदों के बाहर पुरुष व महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। एसडीएम अरुण गिरी और सीओ अशोक कुमार मिश्र ने नगर का भ्रमण कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया, जबकि प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय भी पुलिस टीम के साथ गश्त करते दिखे।
वहीं डीएम शैलेश कुमार और एसपी अभिनव त्यागी भी नगर पहुंचे और अजीमुल्लाह चौराहे पर नगर पालिका परिषद के कैंप में मौजूद रहे। यहां नमाज के बाद लोगों ने अधिकारियों से मुलाकात की, जहां उन्होंने सभी को ईद की शुभकामनाएं दीं। नगर की अजीमुल्लाह चौराहे वाली ईदगाह में दो जमातों में नमाज अदा की गई। नमाज के मद्देनजर ईदगाहों के बाहर मेले जैसा माहौल देखने को मिला, जहां खाने-पीने की विभिन्न दुकानें सजी थीं। नमाज के बाद लोगों के बीच मिलने-जुलने का दौर चलता रहा। लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर ईद की मुबारकबाद दी और मीठी सेवइयों व लजीज व्यंजनों का आनंद लिया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *