केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी को जेड श्रेणी सुरक्षा दिए जाने की मांग उठ रही है। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष को जिस तरह जान से मारने की धमकी दी गई है, उसके बाद उनके समर्थकों में आक्रोश है। रालोद नेताओं ने जयंत की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। वहीं अब पक्ष, विपक्षी दलों के नेता भी जयंत चौधरी के लिए जेड श्रेणी सुरक्षा की बात कह रहे हैं।
उन्होंने मांग की है कि सरकार रालोद चीफ की सुरक्षा बढ़ाए। मेरठ में सरधना से भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने सोशल मीडिया पर इस पूरी घटना पर नाराजगी जताई। हस्तिनापुर से पूर्व विधायक रहे गोपाल काली ने अपने सोशल मीडिया पर जयंत चौधरी को मिली धमकी की निंदा की है। ऐसा दुस्साहस अपराधी बचेगा नहीं सरधना से भाजपा से पूर्व विधायक रहे संगीत सोम ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा कि जयंत चौधरी जी,भारत के भूतपूर्व प्रधानमंत्री, किसानों के मसीहा स्व “चौधरी चरण सिंह जी”, अनेको बार भारत सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे स्व “चौधरी अजीत सिंह जी” की बेदाग छवि के साथ साथ किसान और कमेरे वर्ग के उत्थान हेतु जीवन खपाने वाली विरासत के संवाहक है।
वर्तमान भारत सरकार में मंत्री पद को सुशोभित कर रहे ऊर्जावान युवा नेता एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष “श्री जयंत चौधरी जी” को जान से मारने की धमकी देना बहुत निंदनीय घटना है,ऐसा दुस्साहस करने वाले अपराधी बच नही पाएंगे।
प्रभु श्री राम से श्री जयंत चौधरी जी की सुदीर्घ आयु और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं। जयंत चौधरी को धमकी मिलना सरकार की चूक सरधना सीट से सपा विधायक अतुल प्रधान ने जयंत चौधरी को मिली धमकी को सरकार की चूक बताया। लिखा कि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी होती है। अखिलेश यादव का एनएसजी कवर हटाने और अब केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को धमकी मिलना सरकार की चूक है। सरकार से मांग है कि रोजाना भ्रमण करने वाले जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा बढ़ाई जाए। हस्तिनापुर के पूर्व विधायक ने भी रखी मांग
हस्तिनापुर सीट से पूर्व विधायक गोपाल काली ने भी जयंत चौधरी की सुरक्षा बढ़ाने की मांग करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। लिखा कि सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।

Leave a Reply