लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ में जल निगम की AMRIT 2.0 योजना के तहत चल रहे कार्य के दौरान ठेकेदार पर हमला कर दिया गया। सड़क खुदाई को लेकर हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसमें ठेकेदार को गंभीर चोटें आईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सड़क खुदाई को लेकर बढ़ा विवाद, गली में घेरकर की मारपीट शुक्रवार को नीलकंठ मैदान के सामने स्थित एक गली में यह घटना हुई, जहां जल निगम के ठेकेदार अखिलेश तिवारी कार्य करवा रहे थे। स्थानीय लोगों से सड़क खुदाई को लेकर बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने ठेकेदार को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। जेई की मौजूदगी में हुई घटना, वीडियो में दिखा पूरा घटनाक्रम घटना के समय जल निगम के जूनियर इंजीनियर निशांत कनौजिया भी मौके पर मौजूद थे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग सड़क खुदाई से हो रही दिक्कतों को लेकर सवाल कर रहे हैं, जबकि जेई समस्या का समाधान कराने की बात कह रहे हैं। इसी बीच कुछ युवक अचानक आक्रामक हो गए और ठेकेदार पर हमला कर दिया। ठेकेदार का आरोप,गला दबाकर जान से मारने की कोशिश पीड़ित ठेकेदार अखिलेश तिवारी ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन्हें लात-घूसों और डंडों से पीटा, गाली-गलौज की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की। उन्होंने बताया कि इस हमले में उन्हें अंदरूनी चोटें आई हैं और जान से मारने की धमकी भी दी गई। काम में डाली जा रही थी बाधा ठेकेदार के मुताबिक, AMRIT 2.0 योजना के तहत चल रहे कार्य में कुछ लोग लगातार बाधा डाल रहे थे। मजदूरों के साथ भी आए दिन विवाद और अभद्रता की घटनाएं हो रही थीं। इसी सिलसिले में जब वह जेई के साथ समझाने पहुंचे, तभी हमला कर दिया गया। इस दौरान जेई को भी धक्का लगने की बात सामने आई है। हंगामे के बाद जेई और स्टाफ पहुंचे डीएम के पास घटना के बाद नाराज जल निगम के 50 से अधिक जेई और कर्मचारी शनिवार को जिलाधिकारी के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी गोला कोतवाली के प्रभारी अंबर सिंह ने बताया कि ठेकेदार की तहरीर पर शुक्रवार रात में ही मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जेई के साथ मारपीट का कोई उल्लेख रिपोर्ट में नहीं किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply